
रायगढ़ - जिले के कापू थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुम्हीचुवा में हुए अंधे हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। उधारी के महज 5 हजार रुपये को लेकर पनपी रंजिश ने युवक की जान ले ली। पुलिस ने मामले में आरोपी करमसाय नागोसिया 42 वर्ष को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल को देवव्रत तुरी 30 वर्ष का शव उसके निर्माणाधीन मकान के पीछे बाड़ी में संदिग्ध अवस्था में मिला था। सूचना पर कापू पुलिस ने मार्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमाटम रिपोर्ट में दम घुटने और गले की हड्डी टूटने से मौत की पुष्टि होने पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए और परिजनों व ग्रामींणों से पूछताछ की, लेकिन शुरुआती दौर में कोई ठोस सुराग नहीं मिला। इसी बीच पुलिस को मृतक और गांव के ही करमसाय नागोसिया के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर लंबे समय से विवाद की जानकारी मिली। संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि देवव्रत ने उससे करीब छह साल पहले 5 हजार रुपये उधार लिए थे, जिसे वह वापस नहीं कर रहा था। इसी बात को लेकर उसके मन में गुस्सा और रंजिश थी। घटना की रात 26 अप्रैल को आरोपी ने देवव्रत को घर के पास अकेला देखकर उसका पीछा किया और दरवाजे के पास पकड़कर मुंह व गला दबा दिया। जमीन पर पटककर तब तक दबाए रखा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। बाद में शव को घर के पीछे फेंककर साक्ष्य छिपाने की कोशिश की। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कापू पुलिस टीम ने इस अंधे हत्याकांड का खुलासा किया। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि विवादों का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें, कानून हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।