भिलाई। भाजपा की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) में मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर भिलाई जिले में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। संगठन में समन्वय के अभाव के चलते स्थिति ऐसी बन गई है कि 13 में से 10 मंडलों में दो-दो अध्यक्ष घोषित हो गए हैं।
इस घटनाक्रम ने भाजपा जैसी अनुशासनात्मक पार्टी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं और संगठन के भीतर चर्चा का प्रमुख विषय बन गया है।
13 मंडल अध्यक्षों की एक सूची जारी
भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन और भाजयुमो जिला अध्यक्ष सौरभ जायसवाल द्वारा 13 मंडल अध्यक्षों की एक सूची जारी की गई। इस सूची में पश्चिम मंडल के लिए आयुष उपाध्याय, पूरब मंडल में भास्कर राव, खुर्सीपार मंडल में मनीष चौधरी, वैशाली नगर में रतन शर्मा, सुपेला में अनुराग मारकंडे, काेहका मंडल में मनदीप सिंह, कैंप मंडल में चंदन यादव, जामुल में मनीष साहू, भिलाई- 3 संदीप पाली और चरोदा मंडल में राजेश यादव को अध्यक्ष बनाया गया।